
मुंबई: टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) की रविवार को एक सड़क हादसे में मौत हो गयी। वह गुजरात से मुंबई आ रहे थे। उसी दौरान उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। मिस्त्री की लग्जरी कार मुंबई से सटे पालघर जिले में सूर्या नदी पर बने पुल पर एक ‘डिवाइडर’ से टकरा गई। वहीं, सायरस मिस्त्री का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।
मिली हुई जानकारी के मुताबिक, सायरस मिस्त्री (Cyrus Mistry Death) को मंगलवार सुबह 10 बजे मुंबई के वर्ली श्मशान घाट पर अंतिम विदाई दी जाएगी। इससे पहले सोमवार सुबह डॉक्टरों की टीम ने मिस्त्री व पंडोल का पोस्टमार्टम किया। इस हादसे में जान गंवा चुके साइरस मिस्त्री व जहांगरी पंडोल का शव जेजे अस्पताल लाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि, दोनों शवों को मुर्दाघर में रखा गया है।
सायरस मिस्त्री के साथ कार में जहांगीर पंडोल, स्त्री रोग विशेष अनायता पंडोल व उनके पति डेरियस पंडोल सवार थे। इस भीषण हादसे में घायल स्त्री रोग विशेष अनायता पंडोल व उनके पति डेरियस पंडोल को गुजरात के वापी से मुंबई ले जाया गया है।



