उत्तर प्रदेशलखनऊ

घरवालों से परेशान पति-पत्नी ने वायरल किया वीडियो, खुदकुशी कर लेंगे, मचा हड़कंप

लखनऊ : लखनऊ के दुबग्गा में प्रेम विवाह से नाराज मां ने अपनी बेटी का तलाक करवाया, कुछ दिन बाद बेटी फिर पति के साथ रहने लगी तो उसे घर जमाई बनने के लिये परेशान करने लगी। बेटी को भी रोज ताने देती। इससे तंग आकर बेटी ने पति के साथ खुदकुशी करने की धमकी का वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। दोनों ने यह भी कहा कि उनके शवों को पास-पास दफनाया जाए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हड़कम्प मच गया। दुबग्गा पुलिस ने दोनों का पता लगाया, फिर उन्हें समझा कर शांत किया। घर वालों को भी सख्त हिदायत दी।

सोमवार दोपहर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें एक दम्पत्ति खुदकुशी करने की धमकी घर वालों को सम्बोधित करते दे रहा है। यह दम्पत्ति दुबग्गा में रहते हैं। पुलिस किसी तरह उनका पता लगाते हुये घर तक पहुंची। यहां दम्पत्ति ने उन्हें पूरी बात बतायी। युवती ने कहा कि उसने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी मां इस शादी से खुश नहीं थी। वह उसके पति को घर जमाई बनाने का दबाव बनाती रही। कुछ समय बाद मां ने कई विवाद कर उनके बीच तलाक करवा दिया। कुछ समय बाद ही दोनों फिर साथ रहने लगे। अब फिर उसके मायके के लोग परेशान करने लगे। पति ने भी यही आरोप लगाए।

उसने कहा कि रोज-रोज की प्रताड़ना से वह लोग परेशान हो गये थे। उनके पास अब खुदकुशी करने के अलावा कोई चारा ही नहीं बचा था। इंस्पेक्टर दुबग्गा सुखबीर सिंह भदौरिया ने बताया कि पति-पत्नी के समझा दिया गया है। उनके घर वालों को भी दोबारा इन्हें परेशान न करने की चेतावनी दी गई है। इस मामले में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।

Related Articles

Back to top button