
नई दिल्ली: आप यानी आम आदमी पार्टी (AAP) आज दिल्ली के राम लीला मैदान (Ram Leela Maidan) में महारैली करने जा रही है। यह रैली दिल्ली में सेवाओं पर नियंत्रण के संबंध में केंद्र सरकार के खिलाफ है। इस महारैली में एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। रैली में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal), पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) के साथ सौरभ भारतद्वाज सहित पार्टी के दूसरे बड़े नेता के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। दूसरी तरफ ये भी माना जा रहा है कि यह रैली अध्यादेश के बहाने 2024 लोकसभा चुनाव कि तयारी का आगाज है।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने शनिवार रात ट्वीट कर कहा कि दिल्ली की जनता के अधिकारों को छीनने वाले केंद्र सरकार के तानाशाही अध्यादेश के ख़िलाफ़ कल दिल्ली के लोग रामलीला मैदान में एकजुट होंगे। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए हो रही इस महारैली में आप भी ज़रूर आएँ।
बता दें कि, केंद्र द्वारा 19 मई को जारी अध्यादेश में राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण की स्थापना का प्रावधान किया गया है। इसमें सेवाओं से संबंधित मामलों पर कार्यकारी नियंत्रण को केंद्र ने अपने अधिकार क्षेत्र में ले लिया है। वहीं, 11 मई को सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में पुलिस, सार्वजनिक व्यवस्था और भूमि को छोड़कर दिल्ली सरकार को अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन सहित सेवा से संबंधित मामलों पर कार्यकारी नियंत्रण दिया था।



