![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2023/09/ips-officer-1-768x432-1.webp)
जालना : महाराष्ट्र के जालना (jalna) में आरक्षण को लेकर हुई हिंसा के बीच आज मराठा संगठनों ने औरंगाबाद बंद का आह्वान किया है। इसको लेकर जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उधर जालना के एसपी तुषार दोशी को अनिवार्य छुट्टी पर भेजा जा रहा है। इन सबके बीच एमएनएस चीफ राज ठाकरे जालना पहुंच रहे हैं।
जालना में लाठीचार्ज के विरोध में आज कई मराठा संगठनों ने औरंगाबाद बंद बुलाया है, जिसे देखते हुए पुलिस अलर्ट है। महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। हिंसा और आगजनी भी जारी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस मामले में गंभीर हैं और आज उन्होंने मराठा आरक्षण को लेकर आज दोपहर एक बड़ी बैठक बुलाई है। इधर, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मराठा आरक्षण आंदोलन से जुड़े नेता मनोज जारांगे से बात की गई है।
उन्होंने कहा है कि सीएम शिंदे ने मनोज जारांगे को चर्चा के लिए आमंत्रित किया है। मनोज जारांगे को हिरासत में लेने के बाद ही हिंसा भडक़ी थी। उधर हालात को संभालने के लिए जालना में धारा 37 (3) के तहत भीड़ जमा होने पर रोक लगा दी गई है। उपद्रव फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। हिंसा के बाद सडक़ों पर सन्नाटा है। सडक़ों पर जली हुई गाडिय़ां पड़ी हैं।