राज्यहरियाणा

खेत में कंटीली तारों में छोड़ रखा था करंट, एक महिला समेत दो मजदूरों की हुई मौत

करनाल : जिले के घरौंडा थाना क्षेत्र में दो मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। जिसमें एक महिला और एक व्यक्ति शामिल है। आरोप है कि खेत के मालिक ने कंटली तारों पर करंट छोड़ा हुआ था। दोनों खेत को क्रॉस कर रहे थे, तभी उन्होंने तार कंटीली तारों को छू लिया, जिसमें से तेज करंट दौड़ रहा था। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास हड़कंप मच गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय में भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राणा माजरा निवासी इंसार व रामकली उर्फ कटारो देवी मजदूरी का काम करते है। रामकली गांव की बेटी है और शादी के बाद से ही गांव में रह रही थी और मजदूरी करके अपने घर का पेट पाल रही थी। इंसार और रामकली खेतों के अंदर काम करने के लिए गए थे। ये सिर्फ अकेले नहीं थे, बल्कि इनके साथ आगे और भी 8-10 मजदूर चल रहे थे।

खेत में जाते वक्त उन लोगों को भी थोड़ा करंट लगा था, लेकिन वे दूसरों को सावधान करते हुए तारों से बचकर निकल गए थे। लेकिन, इंसार और रामकली काफी पीछे थे, उनको इस बात का पता नहीं चला की कंटीली तारों में खेत के मालिक ने करंट छोड़ा हुआ है। जैसे ही इंसार और रामकली ने तारों से बचकर खेत क्रॉस करना चाहा तो दोनों ने कंटीली तारों को छू लिया। करंट का एक जोरदार झटका लगा और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जांच अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि गांव राणा माजरा के दो मजदूरों की मौत हुई है। करंट लगने से मौत हुई है। एक महिला और दूसरा पुरूष है। दोनों ही अलग अलग परिवारों से है। मृतका गांव की बेटी है , जो मायके में ही रह रही थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियाें के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button