व्यापार

शेयर मार्केट में भूचाल से अरबपतियों की सूची में बड़ा बदलाव, अडानी-अंबानी को दौलत में भारी गिरावट

नई दिल्ली : घरेलू शेयर मार्केट में गुरुवार को आए भूचाल में निवेशकों के करीब 10 लाख करोड़ रुपये तो डूबे ही, अरबपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी (Gautam Adani) का भी बड़ा नुकसान हो गया। दोनों अरबपतियों की न केवल दौलत घटी बल्कि दबदबा भी कम हुआ। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में उथल-पुथल के बीच इन दोनों भारतीय अरबपतियों की रैंकिंग गिर गई है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मुकेश अंबानी को गुरुवार को 4.29 अरब डॉलर का तगड़ा झटका लगा। अब उनके पास 107 अरब डॉलर की संपत्ति है। अंबानी अब दुनिया के अरबपतियों की रैंकिंग में अब दो पायदान और नीचे गिरकर 14वें पर आ गए हैं। अंबानी के नेटवर्थ में आई गिरावट की वजह उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर हैं, जो गुरुवार को 3.95 पर्सेंट लुढ़क कर 2813.95 रुपये पर आ गए हैं।

गुरुवार की गिरावट में अडानी ग्रुप के शेयर भी चपेट में आ गए। इससे उनके नेटवर्थ में 2.93 अरब डॉलर की कमी हुई। अडानी की संपत्ति अब 100 अरब डॉलर रह गई है। इस वजह से वह 2 पायदान लुढ़क कर 17वें स्थान पर आ गए हैं।

इजरायल-ईरान के बीच युद्ध की बढ़ती आशंका और पूरे पश्चिम एशिया में तनाव के कारण दुनिया भर के शेयर बाजारों पर दबाव बन गया है। शेयरों में गिरावट की वजह से संबंधित कंपनियों से जुड़े अरबपतियों की दौलत में भी सेंध लग रही है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के ताजा अपडेट के मुताबिक गुरुवार को सबसे अधिक दौलत गंवाने वालों में पहले नंबर पर एलन मस्क रहे। इनकी दौलत 5.97 अरब डॉलर कम हुई।

गुरुवार को दौलत गंवाने के मामले में एलन मस्क के बाद मुकेश अंबानी थे। उनकी संपत्ति में एक ही दिन में 4.29 अरब डॉलर की सेंध लग गई। इसके बाद गौतम अडानी रहे। इनकी दौलत भी 2.93 अरब डॉलर घट गई। इनके बाद जेफ बेजोस, बर्नार्ड अर्नाल्ट और झोंग शानशान रहे।

Related Articles

Back to top button