
रांची: अगले तीन दिन तक रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के उत्तरी भाग के आठ जिलों में शनिवार को कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अगले चार दिन के लिए राज्य में कुछ जगहों पर गरज और तेज हवा के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। रविवार को पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों के अलावा चतरा और हजारीबाग जिलों में कुछ जगह भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उल्लेखनीय है कि राजधानी रांची में गुरुवार की देर शाम ढाई घंटे में करीब 50 मिमी बारिश हुई थी।
पिछले 24 घंटे में धनबाद में सबसे ज्यादा बारिश
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश 96 मिमी धनबाद में हुई। पुटकी 92.2 मिमी, नवाडीह में 80.8, चंदनक्यारी में 52.4 मिमी बारिश हुई। गिरिडीह में 37.8, नामकुम में 30.6, बोकारो में 25.8, जामताड़ा में 25.6, दुमका में 24.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
झारखंड में 46 दिन में सामान्य से 49 फीसदी अधिक बरस चुका मानसून
पूरे झारखंड की बात करें तो 17 जून से लेकर एक अगस्त तक 770.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। हालांकि इस समयावधि के दौरान सामान्यत: 517.0 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड हो पाती है। यह सामान्य से 49 प्रतिशत अधिक बारिश है। वहीं, इस सीजन के दौरान रांची में 993.8 मिमी बारिश हो चुकी है। जो कि सामान्य वर्षापात 531.2 मिमी से 87 फीसदी अधिक है।
अगले पांच दिन तापमान में बदलाव नहीं
मौसम विभाग के अनुसार पूरे झारखंड में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब है। अगले पांच दिनों के दौरान इसमें ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है। रांची का अधिकतम तापमान 29.0 और न्यूनतम 23.0 डिग्री रहा। जबकि पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।