उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी में जमीन के नीचे दबे ड्रमों से मिला करोड़ों का कैश, 60 करोड़ से ज्यादा होने का दावा; पुलिस की निगरानी में गिनती जारी

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मकान के अंदर जमीन खोदने पर ड्रमों में भरी नोटों की गड्डियां मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान यह रकम बरामद की है। सूत्रों के मुताबिक, बरामद नकदी 60 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी कुल रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बुधवार शाम से नोटों की गिनती कराई जा रही है और देर रात तक चार करोड़ रुपये से अधिक की रकम गिनी जा चुकी थी। मामले की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।

पुणे में काम करने के दौरान रुपये ले जाने की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, बरईपुर रामनगर का रहने वाला एक व्यक्ति कुछ साल पहले पुणे में एक फर्म में काम करता था। बताया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान वह वहां से बोरियों में भरे रुपये लेकर फरार हो गया था। इसके बाद गांव लौटकर उसने कई बीघा जमीन खरीदी और कथित तौर पर नोटों को ड्रमों में भरकर अपने मकान के अंदर जमीन में दबा दिया।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उसका अपने पड़ोसी पट्टीदार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान जमीन के नीचे रुपये छिपाकर रखने की जानकारी पुलिस तक पहुंची। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर बुधवार रात पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की और संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

खुदाई में एक के बाद एक निकले नोटों से भरे ड्रम

पुलिस ने हिरासत में लिए गए व्यक्ति की निशानदेही पर मकान के अंदर खुदाई कराई। इस दौरान जमीन में दबे कई ड्रमों से नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने पर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। नोटों की गिनती के लिए संबंधित विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। देर रात तक गिनती और जांच की कार्रवाई जारी रही।

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के मुताबिक, बरईपुर रामनगर में एक व्यक्ति के मकान से करोड़ों रुपये मिले हैं। उन्होंने बताया कि नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही कुल रकम स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और बरामद नकदी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

नोटों का जखीरा मिलने की खबर से जुटी भीड़

मकान को पुलिस द्वारा चारों तरफ से घेरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ ही देर में जमीन के नीचे नोटों का जखीरा मिलने की खबर फैल गई। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। पुलिस फिलहाल नकदी की गिनती और पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button