मध्य प्रदेश में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 12 IPS अधिकारियों के तबादले; 5 जिलों के SP बदले

मध्य प्रदेश सरकार ने देर रात पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव करते हुए 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में पांच जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, हरदा और अलीराजपुर के पुलिस अधीक्षकों की नई तैनाती की गई है।
नर्मदापुरम के पुलिस अधीक्षक साईंकृष्णा एस थोटा की जगह उज्जैन में 32वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के सेनानी दीपक कुमार शुक्ला को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन को हटाकर पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक अमित सक्सेना को तैनात किया गया है।
पन्ना में पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू की जगह इंदौर में साइबर पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ को भेजा गया है। हरदा के पुलिस अधीक्षक शशांक के स्थान पर भोपाल में रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की नियुक्ति की गई है। वहीं, अलीराजपुर के पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह की जगह उज्जैन में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक समर वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
तबादला आदेश के अनुसार, अलीराजपुर के पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। पन्ना की निवेदिता नायडू को सागर में 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल का सेनानी बनाया गया है। बैतूल के वीरेंद्र जैन को भोपाल नगरीय पुलिस में पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नर्मदापुरम के साईंकृष्णा एस थोटा को भोपाल पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, इंदौर में प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के सेनानी अभिषेक आनंद को 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल इंदौर का सेनानी बनाया गया है। ग्वालियर में विशेष सशस्त्र बल की एक वाहिनी में तैनात श्रुतकीर्ति सोमवंशी को दूसरी वाहिनी विशेष सशस्त्र बल ग्वालियर का सेनानी नियुक्त किया गया है।



