शिवपुरी में दो बहनों की मौत से मचा हड़कंप, पति की मौत के सदमे में थी एक बहन; दूसरी की भी गई जान, बच्चों की मौत

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो सगी बहनों की मौत के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बुधवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दोनों बहनों और उनके चार बच्चों की जान चली गई। इनमें से एक महिला आठ महीने की गर्भवती थी। परिजनों के मुताबिक, पहली बहन अंजली रावत अपने पति की मौत के बाद से गहरे सदमे में थी। रिश्तेदारों को आशंका है कि दूसरी बहन सीता रावत ने भी बहन की मौत का दुख सहन नहीं कर पाने के कारण यह कदम उठाया।
पहली घटना में मां और बेटे की मौत
पहली घटना शिवपुरी के बैराड़ थाना क्षेत्र के गुंगरगांव की है। यहां 35 वर्षीय अंजली रावत और उनके छह वर्षीय बेटे प्रशांत की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के दौरान अंजली की बड़ी बेटी मोनिका ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद उसने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और अंजली व प्रशांत को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में अंजली के पति धर्मवीर सिंह रावत की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में थीं।
बहन की मौत के बाद दूसरी घटना से जुड़ा मामला
दूसरी घटना सेसाई गांव से जुड़ी बताई जा रही है। अंजली की 40 वर्षीय सगी बहन सीता रावत बुधवार को अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोनकर गांव के एक खेत में गई थीं। शाम करीब छह बजे तक उनके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान परिजनों को एक कुएं के पास चप्पलें और पानी में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रात करीब 11 बजे बचाव अभियान चलाकर सीता और उनके तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकलवाए। पुलिस के मुताबिक, सीता आठ महीने की गर्भवती थीं। इस घटना में उनके गर्भस्थ शिशु को भी नहीं बचाया जा सका।
दोनों बहनों के बीच था गहरा लगाव
मृतक बहनों के जीजा हकम सिंह ने बताया कि अंजली और सीता के बीच गहरा लगाव था। दोनों अक्सर फोन पर एक-दूसरे से बातचीत करती थीं। रिश्तेदारों का मानना है कि अंजली की मौत के सदमे और दुख के कारण सीता ने भी अपनी जान दे दी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों घटनाओं में मर्ग कायम कर लिया है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद आगे की जांच की जा रही है। एक ही परिवार से जुड़ी इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



