मनोरंजन

करिश्मा कपूर के बच्चों ने ठोका 30,000 करोड़ की संपत्ति पर दावा, बुआ मंदिरा कपूर ने दिया साथ

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों समायरा और कियान ने अपने दिवंगत पिता संजय कपूर की विशाल संपत्ति को लेकर कानूनी लड़ाई छेड़ दी है। यह मामला अब दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंच गया है और पूरे परिवार की नजरें अब अदालत के फैसले पर टिक गई हैं। संजय कपूर, जो कि एक जाने-माने व्यवसायी थे, उनका 12 जून 2025 को इंग्लैंड में एक पोलो मैच के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार में संपत्ति को लेकर तनाव खुलकर सामने आ गया है।

सौतेली मां पर वसीयत में हेरफेर का आरोप
संजय कपूर के बच्चों ने दिल्ली उच्च न्यायालय में दायर एक दीवानी मुकदमे में आरोप लगाया है कि उनकी सौतेली मां प्रिया सचदेव कपूर ने उनके पिता की वसीयत में जानबूझकर बदलाव या हेरफेर की कोशिश की है। यह विवाद मामूली नहीं है – यह करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर है, जिसमें कई लग्जरी प्रॉपर्टीज़, निवेश और कारोबार शामिल हैं।

बुआ मंदिरा कपूर स्मिथ ने जताया समर्थन
संजय कपूर की बहन मंदिरा कपूर स्मिथ ने इस मामले में करिश्मा कपूर के बच्चों का खुलकर समर्थन किया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, “मैं समायरा और कियान के साथ खड़ी हूं। अगर कोई अपने पिता के इतने करीब रहा हो और फिर वसीयत में उसका जिक्र ही न हो, तो यह बात हजम नहीं होती।” उनकी यह टिप्पणी न सिर्फ बच्चों के दावे को नैतिक समर्थन देती है, बल्कि केस को और भी संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल बना देती है।

कोर्ट ने मांगा संपत्ति का पूरा ब्योरा
अदालत ने प्रिया सचदेव को निर्देश दिया है कि वे 12 जून 2025 तक संजय कपूर की सभी चल और अचल संपत्तियों का पूरा खुलासा करें। प्रिया की तरफ से अदालत में वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नायर ने बच्चों के दावे का विरोध करते हुए इसे ‘ग़लत और विचारणीय नहीं’ बताया है। फिलहाल, कोर्ट में इस मामले की सुनवाई जारी है और संभावना है कि यह कानूनी लड़ाई कई महीनों तक खिंच सकती है।

संजय कपूर का पारिवारिक जीवन
संजय कपूर और करिश्मा कपूर की शादी 2003 में मुंबई में हुई थी, जो बॉलीवुड की चर्चित शादियों में से एक थी। उनके दो बच्चे – समायरा और कियान – इस शादी से हैं। दोनों ने 2016 में तलाक ले लिया था। इसके बाद, 2017 में संजय ने मॉडल और उद्यमी प्रिया सचदेव से दूसरी शादी की। संजय की मौत को लेकर शुरुआत में दिल का दौरा बताया गया, लेकिन घटनास्थल पर मधुमक्खियों के हमले की एक अनौपचारिक रिपोर्ट भी सामने आई, जो अब तक पुष्टि नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button