झारखण्ड

पिता की दूसरी शादी से नाराज था बेटा, गुस्से में आकर सौतेली मां को उतारा मौत के घाट

रांची: राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पिता की दूसरी शादी से नाराज बेटे ने अपनी सौतेली मां की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए 30 किलोमीटर दूर जंगल में फेंक आया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

विवाद की जड़ बनी दूसरी शादी
यह घटना रांची के रातू थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सिमलिया पंचायत की मुखिया फूलमनी देवी के पति संजय कच्छप का इटकी थाना क्षेत्र की रहने वाली सोनम उर्फ शशि तिर्की के साथ प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले ही संजय ने अपनी पहली पत्नी के रहते हुए सोनम से दूसरी शादी कर ली थी। इसी बात से परिवार में विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले संजय अपनी दूसरी पत्नी सोनम को घर ले आया, जहां वह अपनी पहली पत्नी, बेटे शुभम और अन्य परिवारजनों के साथ रहता था। घर में सौतेली मां को देखकर शुभम आग बबूला हो गया।

सौतेली मां की निर्मम हत्या
गुस्से में शुभम ने सोनम का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को छिपाने की योजना बनाई। आरोपी ने शव को अपनी कार में रखा और करीब 30 किलोमीटर दूर बेड़ो थाना क्षेत्र के खत्री खटंगा गांव के पास जंगल में ले जाकर बोरी में भरकर फेंक दिया। शुभम को लगा था कि शव जंगल में मिलने से उसकी करतूत का पता नहीं चलेगा, लेकिन उसका यह प्लान ज्यादा देर नहीं चला।

ऐसे हुआ खुलासा
स्थानीय ग्रामीणों ने जब जंगल में महिला का शव देखा, तो उन्होंने तुरंत बेड़ो थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर लिया। जांच में महिला की पहचान मुखिया पति संजय कच्छप की दूसरी पत्नी सोनम उर्फ शशि तिर्की के रूप में हुई। इस बीच मृतका के पति संजय ने भी रातू थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे शुभम कच्छप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी सौतेली मां की हत्या की बात कबूल कर ली।

Related Articles

Back to top button