थमती जा रही है रफ्तार!, बजट के दिन चांदी झटके में 27000 सस्ती; सोना भी 9000 रुपये फिसला

मुंबई: सोना-चांदी की कीमतों में बीते सप्ताह बड़ा क्रैश देखने को मिला था, जब एक ही झटके में दोनों कीमती धातुएं भारी गिरावट के साथ टूट गई थीं। चांदी जहां एक ही दिन में 30 प्रतिशत से ज्यादा सस्ती हो गई थी, वहीं सोना भी करीब 17 प्रतिशत फिसल गया था। बजट के दिन रविवार को शेयर बाजार के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट एमसीएक्स पर भी ट्रेडिंग हो रही है और बाजार खुलते ही सोना-चांदी में एक बार फिर तेज गिरावट दर्ज की गई है। ओपनिंग के साथ ही एक किलो चांदी की कीमत में करीब 27 हजार रुपये की गिरावट आई, जबकि सोना भी चांदी की तरह धड़ाम हो गया और इसके भाव में 9 हजार रुपये से ज्यादा की कमजोरी दर्ज की गई।
पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोना और चांदी में जोरदार गिरावट देखने को मिली थी। खास बात यह रही कि इससे ठीक एक दिन पहले गुरुवार को चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये का आंकड़ा पार किया था। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलो के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया था, लेकिन अगले ही दिन इसमें तेज गिरावट आई और यह 1.28 लाख रुपये टूटकर 2,91,922 रुपये प्रति किलो पर आ गई। बजट वाले दिन रविवार को इसमें और गिरावट देखने को मिली और चांदी करीब 9 प्रतिशत या 27,500 रुपये से ज्यादा सस्ती होकर 2,65,652 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई।
सोने की स्थिति भी चांदी जैसी ही रही। एमसीएक्स पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना बीते गुरुवार को 1,93,096 रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचने के बाद तेज गिरावट के साथ टूट गया था और 42,247 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 1,50,849 रुपये पर आ गया था। रविवार को जैसे ही एमसीएक्स पर कारोबार की शुरुआत हुई, सोने में एक बार फिर कमजोरी देखने को मिली और यह 6 प्रतिशत से ज्यादा फिसल गया। सोना करीब 9,000 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर 1,43,205 रुपये के स्तर पर आ गया।
इस बार बजट रविवार को पेश किया जा रहा है, जिस वजह से छुट्टी के दिन भी कमोडिटी बाजार में ट्रेडिंग हो रही है। सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट की आशंका पहले से ही जताई जा रही थी। माना जा रहा था कि बीते सप्ताह की भारी गिरावट से निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ है, जिसका असर बजट के दिन बड़ी बिकवाली के रूप में देखने को मिल सकता है। वायदा कारोबार शुरू होते ही ये अनुमान सही साबित होता नजर आया।



