देहरादून। मंगलवार सुबह उत्तराखंड के देहरादून जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश के चौपाल–नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोडवेज (HRTC) की बस क्वानू के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस सुबह करीब साढ़े छह बजे चौपाल डिपो से रवाना होकर नेरवा पहुंची थी। इसके बाद मीनस–क्वानू–हरिपुर मार्ग से होते हुए पांवटा की ओर जा रही थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मीनस–क्वानू–हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के दौरान सड़क का पुश्ता धंस गया। इससे सवारियों से भरी बस संतुलन खो बैठी और कई पलटे खाते हुए सीधे खाई में खड्ड में जा गिरी।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। घायलों को खाई से निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




