पिथौरागढ़। उत्तराखंड-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका अस्पतालों में इलाज जारी है।
दुल्हन लेकर लौट रही बस हुई हादसे का शिकार
हादसे का शिकार हुई बस बैतडी जिले की पुरचूंणी नगरपालिका क्षेत्र के भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। बस संख्या सु.प.प्र. 02001 ख 1119 पुरचूंणी नगरपालिका-7 के बड़गांव मोड़ पर अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस, एपीएफ और स्थानीय लोग जुटे
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रात में ही संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायलों का इलाज जारी, कई की हालत गंभीर
हादसे में घायल 25 लोगों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 5 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर किया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा।
क्षमता से अधिक सवारियां बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में तय क्षमता से अधिक सवारियां थीं और चढ़ाई वाले मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया। पुलिस ने बस चालक वीरेंद्र बुढा को हिरासत में ले लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।




