देहरादून। मसूरी जाने वाले सैलानियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। घंटों के जाम, तीखी चढ़ाइयों और बरसात में बार-बार बंद होने वाले दून-मसूरी मार्ग की परेशानी अब इतिहास बनने वाली है। देहरादून से मसूरी के बीच बनने वाला नया राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदल देगा। हाईवे के संचालन में आते ही पर्यटक दो आधुनिक सुरंगों से होकर सीधे मसूरी पहुंच सकेंगे, जिससे मौजूदा भीड़भाड़ वाले और खतरनाक मोड़ों से निजात मिलेगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 42 किलोमीटर लंबे दो-लेन हाईवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है। करीब 3500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में दो अत्याधुनिक सुरंगें शामिल होंगी। इनमें से एक 2.9 किलोमीटर लंबी सुरंग जार्ज एवरेस्ट पहाड़ियों के नीचे बनेगी, जबकि दूसरी लगभग दो किलोमीटर लंबी सुरंग मसूरी की पहाड़ियों के भीतर से गुजरेगी। इन सुरंगों के बनने से चढ़ाई की तीव्रता कम होगी, मोड़ों की संख्या घटेगी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से बचते हुए सफर अधिक सुरक्षित और तेज हो सकेगा।
भूगर्भीय जांच के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य
परियोजना की संवेदनशीलता को देखते हुए एनएचएआई ने वाडिया इंस्टीट्यूट को विस्तृत भूगर्भीय परीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। पहाड़ों की बनावट, मिट्टी की स्थिति और संभावित भूस्खलन क्षेत्रों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह के अनुसार, नए हाईवे का एलाइनमेंट स्वीकृत हो चुका है और सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मैदानी राज्यों से आने वालों को सबसे बड़ी राहत
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से आने वाले सैलानियों को मसूरी पहुंचने में सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अप्रैल से जून और क्रिसमस-नववर्ष के दौरान कुठालगेट से चढ़ाई शुरू होते ही चार से पांच घंटे तक जाम लगना आम बात है। नया हाईवे झाझरा से शुरू होकर सुरंगों के रास्ते सीधे मसूरी के लाइब्रेरी चौक तक पहुंचेगा। इससे पर्यटकों को देहरादून शहर में प्रवेश किए बिना ही मसूरी पहुंचने का विकल्प मिलेगा।
एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से सीधे जुड़ेगी मसूरी
यह परियोजना इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि दून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे से आशारोड़ी से झाझरा तक नया हाईवे बनाया जा रहा है, जो देहरादून-पांवटा साहिब फोर-लेन एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। यानी दिल्ली-मेरठ या पांवटा साहिब किसी भी दिशा से आने वाले सैलानियों को दून शहर में घुसने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
देहरादून शहर को जाम से मिलेगी राहत
नए हाईवे के शुरू होने से देहरादून शहर में ट्रैफिक दबाव में बड़ी कमी आएगी। अभी मसूरी जाने वाले अधिकांश वाहन शहर की भीतरी सड़कों से गुजरते हैं, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित होती है। हाईवे बनने के बाद बड़ी संख्या में वाहन सीधे मसूरी पहुंचेंगे और शहर की तंग सड़कों पर जाम की समस्या कम होगी।
बरसात में बंद होने वाले मार्ग से मिलेगी स्थायी निजात
दून-मसूरी मुख्य मार्ग और किमाड़ी वैकल्पिक मार्ग हर मानसून में भूस्खलन के कारण कई दिनों तक बंद रहते हैं। नया सुरंग मार्ग इस समस्या का स्थायी समाधान बनेगा और सालभर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करेगा। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से मसूरी की कनेक्टिविटी पूरी तरह बदल जाएगी और लाखों सैलानी कम समय में, सुरक्षित और आरामदायक सफर के साथ ‘क्वीन ऑफ हिल्स’ तक पहुंच सकेंगे।




