उत्तराखंड

सीएम धामी बोले – लोग कहते हैं रुद्रपुर से चुनाव लड़ लो…और बज उठीं तालियां; सियासी हलचल तेज

रुद्रपुर। चुनावी माहौल के बीच उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाज़ी का दौर तेज हो गया है और नेताओं के हर शब्द के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। शनिवार को गांधी पार्क में ऊधम सिंह नगर कार्निवाल का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन ने भी सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रुद्रपुर से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र किया, जिसके बाद उनके एक बयान पर पंडाल तालियों और नारों से गूंज उठा।

पुरानी यादें साझा करते बोले—रुद्रपुर से खास लगाव
संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने रुद्रपुर में काफी समय बिताया है। सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में अक्सर ठहरते थे और रस्तोगी जी के ठेले पर दस रुपये में मिलने वाले राजमा-चावल उन्हें आज भी याद हैं। उन्होंने बैंगन का भर्ता पसंद होने का जिक्र करते हुए कहा कि यहां कई जगह इसे खाने जाते थे। यही वजह है कि वे रुद्रपुर को विकास के मामले में सबसे आगे देखना चाहते हैं और यहां की परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हैं।

‘रुद्रपुर से चुनाव लड़ लो’ वाले बयान पर तालियों की गड़गड़ाहट
मुख्यमंत्री ने जैसे ही कहा कि लोग उनसे कहते हैं—रुद्रपुर से चुनाव लड़ लो, वैसे ही सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं और नारे लगने लगे। इस दौरान स्थानीय विधायक शिव अरोरा और उनके समर्थक कुछ पल के लिए चौंकते नजर आए। करीब पांच सेकेंड रुकने के बाद सीएम ने बात संभालते हुए कहा कि उनके लिए रुद्रपुर, किच्छा, काशीपुर, बाजपुर, खटीमा समेत पूरे जिले की सभी सीटें समान हैं।

सांसद का जिक्र कर दिया सियासी संकेत
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सांसद अजय भट्ट उन्हें अक्सर सलाह देते हैं कि उनका जन्म डीडीहाट में हुआ है, इसलिए वहीं से चुनाव लड़ें। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि राज्य में 70 विधानसभा सीटें हैं और वे सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, साथ ही हर सीट पर कमल खिलाने का दावा भी किया।

बयान के बाद तेज हुई सियासी चर्चाएं
मुख्यमंत्री के इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पहले से ही उनके रुद्रपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें चल रही थीं, ऐसे में मंच से दिया गया यह बयान उन चर्चाओं को और हवा देता नजर आ रहा है।

SEO Keywords: Pushkar Singh Dhami statement, Rudrapur election news, Uttarakhand politics, CM Dhami speech, Rudrapur विधानसभा चर्चा, Uttarakhand election buzz, Dhami Rudrapur seat, Ajay Bhatt remark, शिव अरोरा विधायक, उत्तराखंड राजनीतिक बयान, CM Dhami latest news, Rudrapur political speculation

Related Articles

Back to top button