उत्तराखंड

उत्तराखंड के शिक्षकों को AI में दी जाएगी हाईटेक ट्रेनिंग, शिक्षा व्यवस्था होगी और स्मार्ट

उत्तराखंड सरकार अब शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में दक्ष बनाने की बड़ी तैयारी कर रही है। इसके लिए सतत व्यावसायिक विकास (CPD) कार्यक्रम तैयार किया जाएगा, जिससे शिक्षकों को डिजिटल और एआई आधारित शिक्षण तकनीकों में प्रशिक्षित किया जा सके। इस पहल का मकसद कक्षा शिक्षण को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए छात्रों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाना है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म और इंटरएक्टिव टूल्स से होगी ट्रेनिंग

एससीईआरटी उत्तराखंड के अनुसार भविष्य की शिक्षा प्रणाली में एआई की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है।
इस कार्यक्रम के तहत शिक्षकों को डिजिटल मॉड्यूल, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और इंटरएक्टिव टूल्स के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें एआई के बुनियादी सिद्धांत, डेटा आधारित शिक्षण, पर्सनलाइज्ड लर्निंग और मूल्यांकन विश्लेषण जैसे विषय शामिल रहेंगे।

राष्ट्रीय मॉडल के आधार पर बनेगी कार्ययोजना

एससीईआरटी के एआई संकाय के वरिष्ठ शिक्षक रमेश बडोनी ने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय एआई कार्यक्रम में सामने आई चुनौतियों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए राज्य में यह योजना लागू की जाएगी।
एआई आधारित शिक्षण उपकरणों का पहले चरणबद्ध परीक्षण किया जाएगा और सफल मॉडल को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।

13 हजार से ज्यादा स्कूलों में लागू होगी तकनीक

राज्य के 13,825 राजकीय विद्यालयों में एआई का उपयोग केवल शिक्षण को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे शिक्षकों का कार्यभार भी संतुलित होगा। छात्रों की सीखने की गति और समझ के अनुसार उन्हें अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही डिजिटल क्लासरूम, स्मार्ट कंटेंट और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को बढ़ावा दिया जाएगा।

शिक्षकों के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा AI

उत्तराखंड अकादमी शोध एवं प्रशिक्षण की निदेशक बंदना गर्ब्याल ने बताया कि भारत मंडपम में आयोजित भारत बोधन एआई कॉन्क्लेव 2026 में एआई नीति को समावेशी और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि राज्य में एससीईआरटी के डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत अब तक लगभग 49 हजार शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।

Related Articles

Back to top button