देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच सशक्त समन्वय ही सुशासन की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग से राज्य विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य शीघ्र हासिल होगा।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सतत संवाद एवं फीडबैक बेहद आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए सबको मिलकर कार्य करना होगा, तभी “सबका साथ, सबका विकास” की परिकल्पना साकार हो सकेगी।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने जिलेवार सांगठनिक गतिविधियों, सरकार की उपलब्धियों और क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।




