दिल्ली में मौसम का बदला मिजाज, सबसे गर्म दिन के बाद आज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज होने के ठीक बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अब बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मंगलवार को न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली। पालम में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में यह 12.6 डिग्री और रिज क्षेत्र में 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान दिल्ली की प्रमुख वेधशाला में 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आयानगर में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री और पालम में 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही दोपहर के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हवा की गुणवत्ता अभी भी चिंता का कारण
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 249 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। बोर्ड के अनुसार 0 से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में भी कुछ हद तक सुधार देखने को मिल सकता है।



