उत्तराखंड

खाटू श्याम धाम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में पहुंचे सीएम धामी, बोले– हारे के सहारे हैं बाबा श्याम, उनकी कृपा से ही मिलती है सफलता

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को विकासनगर क्षेत्र में आयोजित श्री खाटू श्याम धाम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं, बताई बाबा श्याम की महिमा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम केवल आस्था के आराध्य ही नहीं, बल्कि हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले और हारे हुए को सहारा देने वाले देव हैं। सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी निष्फल नहीं जाती और बाबा अपने भक्तों की झोली कृपा से भर देते हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ आस्था का जीवंत प्रमाण
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम के भजन-कीर्तन, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और अन्य धार्मिक आयोजनों में उमड़ने वाली अपार श्रद्धालु भीड़ इस बात का प्रमाण है कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं। उन्होंने कहा कि यह दिव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

जनता की सेवा को बताया सौभाग्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से उन्हें राज्य के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने दोहराया कि जनता के विश्वास और स्नेह को बनाए रखते हुए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ उत्तराखंड की सेवा करते रहेंगे।

समर्पण से ही मिलती है सफलता: सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल कौशल ही नहीं, बल्कि समर्पण भी उतना ही आवश्यक है। यदि किसी भी कार्य को पूर्ण निष्ठा और समर्पित भाव से किया जाए, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उन्होंने कहा कि जीवन में जो कुछ भी प्राप्त होता है, वह ईश्वर की कृपा से ही संभव होता है।

उत्तराखंड के दशक के संकल्प को दोहराया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसी संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button