गाजियाबाद। आज बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गाजियाबाद पहुंचे। जहां पर सीएम धामी ने विद्या भारती की ओर से आयोजित शैक्षिक कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और संस्थान के पदाधिकारियों के अलावा भाजपाई मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने छात्राओं के प्रदर्शन और उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खिलाडियों को देख काफी अच्छा लगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि तीन लाख खिलाड़ियों में से चयनित होकर यहां पहुंचे खिलाड़ियों को देखकर काफी अच्छा लगा है। उन्होंने छात्राओं को आगे बढ़ने और संस्कार आधारित प्रशिक्षण को निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही है। उत्तराखंड के सीएम धामी ने विद्या भारती के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान देशभर में उन क्षेत्रों तक शिक्षा पहुंचाने का काम कर रहा है। जहां अब तक शिक्षा की पहुंच सीमित थी। इनमें जनजातीय और वंचित क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में गांव-गांव में विद्या भारती के विद्या मंदिर और शिशु मंदिर संचालित हैं। इन संस्थानों में बच्चों को शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के संस्कार दिए जाते हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चे कर रहे नाम रोशन
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ये प्रतिभाशाली बच्चे क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। सीएम धामी के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।
अखिलेश यादव को अपने घर में भी देखना चाहिए
उत्तराखंड पर अखिलेश यादव के विवादित बयान से भड़के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राजनीतिक रूप से सबसे निचले स्तर का बयान देश की रक्षा से लेकर निर्माण तक उत्तराखंड के लोगों का बड़ा योगदान, ऐसा बयान देने से पहले अखिलेश को अपने घर में देखना चाहिए। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के उत्तराखंड को लेकर दिए गए बयान पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। सीएम धामी ने अखिलेश यादव के बयान को राजनीतिक रूप से सबसे निचले स्तर का बताते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने हमेशा देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
बयान राजनीतिक क्षेत्र में जितना नीचे स्तर का
सीएम धामी ने कहा कि अखिलेश यादव का बयान राजनीतिक क्षेत्र में जितना नीचे स्तर का हो सकता है। उतना नीचे स्तर का बयान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने देश को प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध से लेकर आज तक बड़ी संख्या में सैनिक दिए हैं देश के निर्माण में योगदान देने वाले अनेक विद्वानों और महान व्यक्तित्वों को भी उत्तराखंड ने दिया है।
सीएम धामी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस तरह का बयान देने से पहले अपने घर में ही देखना चाहिए, क्योंकि उनके परिवार में भी ऐसे लोग हैं, जिनका संबंध उत्तराखंड से है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग भले ही कम बोलते हों, लेकिन देश के लिए हमेशा अपना सर्वस्व देने को तैयार रहते हैं।
अखिलेश यादव ने की थी विवादित टिप्पणी
दरअसल, अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के लोगों को लेकर टिप्पणी की थी जिस पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इसके अलावा उनके विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने और सीधे लोकसभा के रास्ते मुख्यमंत्री बनने संबंधी बयान पर सीएम धामी ने तंज कसा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार भी अखिलेश यादव सत्ता में आने की सोच रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूपी में विकास कार्यों के कारण जनता ने सपा और अखिलेश को नकार दिया।
2 2 minutes read



