गोरखपुर। सोमवार शाम एयरपोर्ट पर वीआईपी आगमन के दौरान गेट के बाहर जुटी भीड़ के कारण आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली से Akasa Air की फ्लाइट से लौटीं दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रोफेसर निधि चतुर्वेदी ने बाहर निकलने में दिक्कत और कुछ यात्रियों के साथ धक्का-मुक्की होने का आरोप लगाया। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने इन आरोपों से इनकार किया है।
फ्लाइट लैंड होते ही गेट पर बढ़ी भीड़
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब 6:50 बजे दिल्ली से आई अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट गोरखपुर पहुंची। वीआईपी आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता एयरपोर्ट गेट के बाहर एकत्र हो गए। भीड़ के कारण बाहर निकलने का रास्ता संकरा हो गया, जिससे यात्रियों को गेट से बाहर आने में परेशानी हुई।
अंदर घुसने की कोशिश से बढ़ी अव्यवस्था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ में शामिल कुछ लोग गेट के पास अंदर प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान बाहर निकल रहे यात्रियों को रुक-रुक कर आगे बढ़ना पड़ा। आरोप है कि इस दौरान कई यात्रियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रशासन ने आरोपों को बताया निराधार
एयरपोर्ट सुरक्षा के सीओ विनोद सिंह ने यात्रियों से धक्का-मुक्की की घटना से साफ इनकार किया। उनका कहना है कि वीआईपी दौरे के दौरान केवल सूचीबद्ध लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई थी और पूरी व्यवस्था सुरक्षा मानकों के अनुरूप की गई थी।




