उत्तराखंड

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की घोषणा फिर बहाल, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिया पुनर्जीवन का अनुमोदन

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने संबंधी पूर्व में विलोपित की गई घोषणा को पुनः जीवित करने का अनुमोदन दे दिया है। यह निर्णय लालकुआं के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के अनुरोध पर लिया गया है।

वन क्षेत्र में होने के कारण अटकी थी प्रक्रिया

राजस्व विभाग के अनुसार, पहले मुख्यमंत्री घोषणा के तहत लालकुआं विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की बात कही गई थी। हालांकि, संबंधित क्षेत्र वन क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण वन विभाग स्तर से भारत सरकार की अनापत्ति प्राप्त करना आवश्यक था।

इस प्रक्रिया में कई प्रावधान शामिल होने और लंबा समय लगने की संभावना को देखते हुए 1 जुलाई 2025 को आयोजित मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागीय समीक्षा बैठक में उच्चादेश के अनुसार इस घोषणा को राजस्व विभाग की सूची से विलोपित करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से अनुरोध किया गया था। इसके बाद घोषणा को सूची से हटा दिया गया था।

विधायक के अनुरोध पर दोबारा मिली मंजूरी

अब मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने संबंधी घोषणा को पुनर्जीवित करने का अनुमोदन प्रदान कर दिया है। इससे क्षेत्र के निवासियों में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि लंबित प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्णय को धरातल पर उतारा जाएगा।

यह फैसला प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वन क्षेत्र से जुड़े प्रावधानों के चलते इस तरह के मामलों में केंद्र सरकार की स्वीकृति सहित कई स्तरों की मंजूरी आवश्यक होती है।

Related Articles

Back to top button