मिडिल ईस्ट तनाव पर PM मोदी का बड़ा बयान: ‘बातचीत ही समाधान’, भारतीयों की सुरक्षा पर सरकार अलर्ट

मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अहम बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि भारत की सोच हमेशा शांति और संवाद के पक्ष में रही है। पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को लेकर उन्होंने गहरी चिंता जताई और दोहराया कि समस्याओं का समाधान बातचीत से ही निकाला जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा, “विश्व में चल रहे अनेक तनावों के लिए भारत की सोच स्पष्ट है। हमने हमेशा शांति बनाए रखने की बात कही है। पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। बातचीत से ही समस्या का समाधान निकलना चाहिए। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीयों की सुरक्षा के लिए हम सभी देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।”
दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री से मुलाकात
सोमवार को राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क जे कार्नी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के संबंधों में आई प्रगति पर चर्चा हुई और आर्थिक साझेदारी को नए स्तर तक ले जाने पर सहमति बनी।
संयुक्त प्रेस बयान के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा का लक्ष्य वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने निकट भविष्य में व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (Comprehensive Economic Partnership Agreement) को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है।
2030 तक 50 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज हमने इस विजन को अगले स्तर की साझेदारी में बदलने पर चर्चा की। हमारा लक्ष्य 2030 तक 50 अरब डॉलर का व्यापार हासिल करना है। आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता का दोहन हमारी प्राथमिकता है। इसलिए हमने जल्द ही एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है।”
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कनाडा के पेंशन फंड भारत में 100 अरब डॉलर का निवेश कर चुके हैं, जो भारत की विकास यात्रा में उनके गहरे विश्वास को दर्शाता है। पीएम मोदी ने कहा कि यह निर्णय दोनों देशों में नए निवेश और रोजगार के अवसर खोलेगा।
व्यापार जगत से भी होगी बातचीत
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि आगे दिन में दोनों नेता व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। उनके सुझाव भारत-कनाडा आर्थिक सहयोग की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इस समय भारत दौरे पर हैं और प्रधानमंत्री मोदी के आमंत्रण पर यहां आए हैं। दोनों नेताओं के बीच विभिन्न वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई है।



