बिहार

बिहार में नई सरकार के संकेत, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने की तैयारी में

पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद ही साफ कर दिया है कि वह अब राज्यसभा जाना चाहते हैं। पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपनी इच्छा सार्वजनिक की। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नई सरकार बनने की चर्चा तेज हो गई है।

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से जनता ने उन पर जो विश्वास और समर्थन बनाए रखा है, उसी के बल पर उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ बिहार और यहां के लोगों की सेवा की है।

उन्होंने लिखा कि जनता के विश्वास और सहयोग की ताकत से ही बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम स्थापित कर रहा है। इसके लिए वह पहले भी कई बार लोगों का आभार व्यक्त कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वह बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें।

उन्होंने आगे कहा कि इसी क्रम में इस बार होने वाले चुनाव में वह राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं।

नीतीश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता के साथ उनका संबंध आगे भी इसी तरह बना रहेगा और वह सभी के साथ मिलकर विकसित बिहार बनाने के संकल्प को जारी रखेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

Related Articles

Back to top button