हल्द्वानी। होली का त्योहार मनाने के बाद अब लोग तेजी से अपने कामकाज की जगहों पर लौटने लगे हैं। इसी वजह से ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। काठगोदाम और हल्द्वानी से दिल्ली, कोलकाता और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में 8 मार्च तक सीटें लगभग भर चुकी हैं और लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में समय पर काम पर लौटने के लिए यात्रियों को बस, टैक्सी या अन्य परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।
काठगोदाम और हल्द्वानी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, लखनऊ और कोलकाता जैसे शहरों में नौकरी और कारोबार करते हैं। होली का पर्व मनाने के बाद अब लोग वापस लौटने लगे हैं, जिसके कारण रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। अनुमान है कि त्योहार के बाद चार से पांच दिनों तक ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति बनी रह सकती है।
दिल्ली रूट की ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव
काठगोदाम से दिल्ली के लिए तीन प्रमुख ट्रेनें संचालित होती हैं। इनमें रात में चलने वाली रानीखेत एक्सप्रेस में सबसे अधिक वेटिंग दर्ज की गई है। इस ट्रेन में 8 मार्च तक करीब 110 तक वेटिंग पहुंच गई है, जिससे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है।
इसके अलावा लखनऊ, बिहार और कोलकाता जाने वाली बाघ एक्सप्रेस में भी भारी भीड़ है। इस ट्रेन में 8 मार्च तक 120 से ज्यादा वेटिंग दर्ज की गई है। लंबी दूरी की इस ट्रेन में फिलहाल यात्रियों के लिए सीट मिलना बेहद मुश्किल हो गया है।
निजी वाहनों की ओर बढ़ रहा रुझान
ट्रेनों में सीट नहीं मिलने की वजह से कई यात्रियों को मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। जल्दी काम पर लौटने के लिए लोग अधिक खर्च कर बस, टैक्सी या अन्य निजी साधनों से सफर करने की योजना बना रहे हैं।
रेलवे ने चलाई विशेष ट्रेन
इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि होली के मद्देनजर काठगोदाम से मुंबई के लिए विशेष ट्रेन चलाई गई है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है, इसलिए रेलवे यात्रियों को कम से कम परेशानी हो इसका ध्यान रख रहा है।
बाघ एक्सप्रेस में वेटिंग की स्थिति
तारीख – स्लीपर – थर्ड एसी – सेकेंड एसी
4 मार्च – 108 – 59 – 18
5 मार्च – 124 – 65 – 23
6 मार्च – रिग्रेट – 54 – 19
7 मार्च – रिग्रेट – 75 – रिग्रेट
8 मार्च – 121 – 69 – 21
रानीखेत एक्सप्रेस में वेटिंग की स्थिति
तारीख – स्लीपर – थर्ड एसी – सेकेंड एसी – फर्स्ट एसी
4 मार्च – 88 – 32 – 17 – 4
5 मार्च – 106 – 63 – 25 – 11
6 मार्च – 90 – 52 – 28 – 11
7 मार्च – 81 – 70 – रिग्रेट – 14
8 मार्च – 116 – 66 – रिग्रेट – 12
नोट: यह आंकड़े रेलवे बुकिंग वेबसाइट के अनुसार मंगलवार रात आठ बजे तक के हैं।




