उत्तराखंड

उत्तराखंड के वित्तीय प्रबंधन की देशभर में सराहना, राजकोषीय अनुशासन में हिमालयी राज्यों में दूसरा स्थान: धामी

भराड़ीसैंण। उत्तराखंड के वित्तीय प्रबंधन और सुशासन को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य ने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी नीतियों और बेहतर प्रशासन के जरिए आर्थिक प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संसाधनों के प्रभावी उपयोग और दीर्घकालिक आर्थिक दृष्टि के साथ किए गए प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक में मिला दूसरा स्थान

मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग की ओर से प्रकाशित राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक 2026 (रिपोर्ट 2023-24) में उत्तराखंड के वित्तीय प्रबंधन की विशेष सराहना की गई है। इस रिपोर्ट में उत्तराखंड को उत्तर-पूर्वी और हिमालयी राज्यों की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह उपलब्धि राज्य में राजस्व वृद्धि, व्यय की गुणवत्ता में सुधार, घाटे के बेहतर प्रबंधन और ऋण प्रबंधन के क्षेत्र में अपनाई गई मजबूत नीतियों का परिणाम है।

अरुण जेटली फाइनेंशियल मैनेजमेंट रिपोर्ट में भी बेहतर प्रदर्शन

मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि वित्तीय अनुशासन के क्षेत्र में उत्तराखंड लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। अरुण जेटली फाइनेंशियल मैनेजमेंट रिपोर्ट में भी राज्य को विशेष दर्जा प्राप्त हिमालयी राज्यों की श्रेणी में अरुणाचल प्रदेश के बाद दूसरा स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य की मजबूत वित्तीय व्यवस्था और जिम्मेदार शासन प्रणाली को दर्शाती है।

राजकोषीय मानकों का किया गया पूरा पालन

महालेखाकार से प्राप्त रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वित्तीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन अधिनियम के तहत निर्धारित सभी मानकों का पालन किया है। राज्य ने राजस्व अधिशेष की स्थिति बनाए रखी है और राजकोषीय घाटे को भी सकल राज्य घरेलू उत्पाद की तय सीमा के भीतर नियंत्रित रखा गया है।

विकास की गति तेज करने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाना है। इसके लिए सरकार वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए बुनियादी ढांचे, सामाजिक क्षेत्र और रोजगार सृजन से जुड़े क्षेत्रों में संतुलित निवेश कर रही है, ताकि विकास की गति को और तेज किया जा सके।

Related Articles

Back to top button