दिल्ली के मौसम ने ली करवट: भीषण गर्मी के बाद बादलों का डेरा, रविवार को बारिश के आसार; AQI भी सुधरा

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब दिल्ली में भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकली, लेकिन उसकी तपिश सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम महसूस हुई। इसी कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी मौसम कमोबेश ऐसा ही बना रहेगा, जबकि रविवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
अधिकतम तापमान में गिरावट, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 3.7 डिग्री कम है। यह गुरुवार के मुकाबले लगभग तीन डिग्री की गिरावट को दर्शाता है। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है। यह इस साल और मौजूदा मौसम का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान भी माना जा रहा है। दिनभर हवा में नमी का स्तर 25 से 86 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
शनिवार को बादल, रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं रविवार को मौसम और सक्रिय हो सकता है। इस दिन बादलों के साथ गरज-चमक, हल्की बारिश और आंधी-तूफान की भी संभावना जताई गई है। रविवार को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
छह दिन बाद सुधरी राजधानी की हवा
मौसम में आए बदलाव का असर राजधानी की हवा पर भी दिखाई दिया है। शुक्रवार को छह दिनों के बाद दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार दर्ज किया गया। इस दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक 189 दर्ज किया गया, जो 200 के स्तर से नीचे आ गया है। इस स्तर को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। फिलहाल विशेषज्ञों का मानना है कि निकट भविष्य में वायु गुणवत्ता में किसी बड़े गिरावट की संभावना नहीं है।



