कोलकाता दौरे पर पीएम मोदी: 18,680 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास, रैली में ममता सरकार पर साधेंगे निशाना

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। इस दौरान वह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री राज्य को बुनियादी ढांचे, सड़क, रेलवे, बंदरगाह और कनेक्टिविटी से जुड़ी कुल 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि कई नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।
सड़क परियोजनाओं पर सबसे ज्यादा फोकस
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सड़क अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं पर विशेष जोर रहेगा। करीब 16,990 करोड़ रुपये की लागत से 420 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
इनमें सबसे प्रमुख खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारा परियोजना है, जो एनएच-116ए का हिस्सा है। यह 231 किलोमीटर लंबा चार लेन कॉरिडोर खड़गपुर से सिलीगुड़ी के बीच की दूरी को लगभग 120 किलोमीटर तक कम कर देगा। इससे यात्रा समय में करीब 7 से 8 घंटे की बचत होने का अनुमान है। यह कॉरिडोर पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, बीरभूम, पूर्वी बर्धमान, हुगली और मुर्शिदाबाद जिलों से होकर गुजरेगा, जिससे क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
सड़क नेटवर्क और पुल परियोजनाओं को भी बढ़ावा
प्रधानमंत्री इस दौरे में कई अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे। इनमें एनएच-19 के पश्चिम बंगाल और झारखंड से जुड़े हिस्से, एनएच-114 के कुछ खंड, एनएच-14 पर दुबराजपुर बाईपास का 5.6 किलोमीटर चार लेन निर्माण और कांगशबती तथा शिलाबती नदियों पर नए प्रमुख पुलों का निर्माण शामिल है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से सड़क सुरक्षा में सुधार, यातायात जाम और प्रदूषण में कमी के साथ क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
रेलवे क्षेत्र में भी कई परियोजनाओं की सौगात
रेलवे क्षेत्र में भी इस दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की जाएंगी। प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छह पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों—कामाख्यागुरी, अनारा, तमलुक, हल्दिया, बाराभूम और सिउरी—का उद्घाटन करेंगे।
इसके अलावा वह पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। बेलदा-दंतन के बीच 16 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन सहित अन्य रेल परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
बंदरगाह और रिवरफ्रंट से जुड़ी परियोजनाएं
बंदरगाह और शिपिंग क्षेत्र में हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स के बर्थ नंबर दो का मशीनीकरण, खिद्दरपुर डॉक्स का नवीनीकरण, कोलकाता डॉक सिस्टम में बेस्क्यूल ब्रिज का विकास और हावड़ा ब्रिज से निमतला घाट तक कोलकाता रिवरफ्रंट की बैंक प्रोटेक्शन परियोजना भी इस पैकेज का हिस्सा हैं।
रैली में ममता सरकार पर राजनीतिक हमला संभव
कोलकाता की इस जनसभा में प्रधानमंत्री के पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले करने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक वह केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास परियोजनाओं में कथित बाधा और राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति जैसे मुद्दों पर राज्य सरकार को घेर सकते हैं।
यह दौरा भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन कार्यक्रम से भी जुड़ा माना जा रहा है, जिसमें विकास और बेहतर कनेक्टिविटी को प्रमुख मुद्दे के रूप में पेश किया जा रहा है।



