अपराधमध्य प्रदेश

‘मां के कैंसर इलाज’ का झांसा देकर सराफा कारोबारी को लगाया चूना, 19 लाख का लूटा सोना गिरवी रखने वाला शातिर गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक शातिर अपराधी की गिरफ्तारी के बाद हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र के कई जिलों में लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी ने ग्वालियर के लश्कर स्थित सराफा बाजार में ‘मां के कैंसर इलाज’ का बहाना बनाकर लूट का सोना गिरवी रख दिया था।

19 लाख का सोना महज 4 लाख में गिरवी रखा

महाराष्ट्र पुलिस की टीम सोमवार को आरोपी को लेकर ग्वालियर पहुंची। यहां लश्कर के सराफा बाजार स्थित रामा ज्वेलर्स से करीब 126 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 19 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी ने इस सोने के बदले ज्वेलर्स से करीब 4 लाख रुपये हासिल किए थे।

महाराष्ट्र के कई शहरों में लूट की वारदातें

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हसन अली, जो महाराष्ट्र के जलगांव का रहने वाला है, को वर्धा क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर जलगांव, वर्धा और कल्याण समेत कई जगहों पर लूट की सात वारदातों को अंजाम दिया था।

बिचौलिये के जरिए सराफा बाजार तक पहुंचा आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन से ग्वालियर पहुंचा और यहां एक बिचौलिये की मदद से सराफा बाजार में रामा ज्वेलर्स से संपर्क साधा। दुकान संचालकों अमित खंडेलवाल और रामनारायण को उसने अपनी मां के कैंसर से पीड़ित होने की कहानी सुनाई और सहानुभूति हासिल कर सोना गिरवी रखकर रकम ले ली।

पुलिस के साथ पहुंचा आरोपी, खुला पूरा राज

जब महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को हथकड़ी में लेकर ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंची, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही कारोबारी भी हैरान रह गए। पुलिस ने ज्वेलर्स के बयान दर्ज कर उन्हें इस मामले में गवाह बनाया है।

साथी की तलाश में जुटी पुलिस, नेटवर्क खंगालने में तेजी

फिलहाल पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उसके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही अन्य वारदातों से जुड़े लिंक भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।


Related Articles

Back to top button