ऋषिकेश। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक जागरूकता और मानवीय मूल्यों के प्रसार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पद्म विभूषण से सम्मानित श्री श्री रविशंकर द्वारा स्थापित आर्ट ऑफ लिविंग संस्था विश्वभर में शांति, योग और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है, जो उत्तराखंड जैसे आध्यात्मिक प्रदेश के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर श्री श्री रविशंकर ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए राज्य की उन्नति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान रखता है, जिसे और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने भी संत-महात्माओं के मार्गदर्शन को राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आध्यात्मिक मूल्यों के साथ विकास को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।




