उत्तराखंड

देवीधुरा वाराही धाम में मंदिर के नव निर्माण का मुख्यमंत्री धामी ने किया वर्चुअल शिलान्यास

चंपावत: शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से चंपावत जिले के देवीधुरा स्थित श्री वाराही धाम में आयोजित मंदिर के नव निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इसे प्रदेश के लिए आस्था और गौरव का विशेष क्षण बताया।

वाराही धाम आस्था और परंपरा का केंद्र: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री वाराही धाम सदियों से श्रद्धा, आस्था और शक्ति का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां आयोजित होने वाला बग्वाल मेला वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम है, जिसे राज्य सरकार द्वारा राजकीय मेले का दर्जा दिया जा चुका है।

मंदिर का नव निर्माण देगा भव्य स्वरूप

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर के नव निर्माण से वाराही धाम को और अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। यह स्थल न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि विकास और समृद्धि का प्रतीक भी बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चारधाम, शक्तिपीठ और सिद्धपीठ हमारी सांस्कृतिक पहचान के जीवंत प्रतीक हैं, जिनके संरक्षण और पुनरुत्थान पर लगातार काम किया जा रहा है।

देवभूमि को आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड और मानसखंड के प्राचीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है। चंपावत क्षेत्र के बालेश्वर मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर मंदिर, माँ रणकोची मंदिर और माँ पूर्णागिरी मंदिर के पुनर्विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।

पर्यटन और आधारभूत ढांचे पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। शारदा घाट के पुनर्विकास के लिए 179 करोड़ रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया है, जबकि लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में भी कार्य चल रहा है।

खेल, शिक्षा और सड़क विकास पर फोकस

उन्होंने कहा कि लोहाघाट के छमनिया में 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है। करीब 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण हो रहा है, जबकि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में 15 करोड़ रुपये की लागत से भवन और छात्रावास का निर्माण जारी है। रीठा साहिब क्षेत्र में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुधार कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को किया जा रहा मजबूत

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीद शिरोमणी चिल्कोटी मोटर मार्ग के सुधार कार्य तेजी से चल रहे हैं। लोहाघाट में फायर स्टेशन के प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जा रहा है, जबकि देवीधुरा में पुलिस चौकी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।

डबल इंजन सरकार का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के तहत केंद्र और राज्य से भेजा गया हर पैसा पारदर्शिता के साथ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, श्री वाराही शक्ति पीठ ट्रस्ट के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, निर्मल माहरा, श्याम नारायण पाण्डे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button