उत्तराखंड में भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल के चार साल पूरे होने पर देहरादून के परेड ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार-चार साल बेमिसाल’ आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच से अपनी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए भविष्य की दिशा भी स्पष्ट की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और लोगों की मौजूदगी के बीच इसे शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा गया।
सख्त कानूनों और फैसलों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि बीते चार वर्षों में सरकार ने कई अहम और सख्त फैसले लिए। इनमें समान नागरिक संहिता, मदरसा बोर्ड से जुड़े बदलाव और दंगा विरोधी कानून प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न प्रकार की अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए 12 हजार एकड़ से अधिक जमीन को मुक्त कराया।
इसके साथ ही ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत साधु वेश में गलत गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सामाजिक और सांस्कृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए कठोर कदम उठाए हैं।
जनता ने तोड़ा ‘दोबारा सरकार नहीं’ का मिथक
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चार साल पहले उत्तराखंड की जनता ने एक बड़ी राजनीतिक परंपरा को तोड़ा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यह धारणा थी कि राज्य में कोई भी सरकार दोबारा सत्ता में नहीं लौटती, लेकिन जनता ने भाजपा को फिर मौका देकर नया इतिहास रचा।
उन्होंने अपने पहले कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 2021 में जब उन्होंने सरकार की कमान संभाली, तब कोरोना महामारी का कठिन दौर था। इसके बावजूद सरकार ने सेवा और विकास दोनों मोर्चों पर काम किया और अगले चुनाव में जनता का विश्वास हासिल किया।
संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ती सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी परेड ग्राउंड से उन्होंने मुख्य सेवक के रूप में शपथ ली थी और आज सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कामकाज के परिणाम हर क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
पीएम मोदी के ‘उत्तराखंड दशक’ विजन का जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन को याद किया, जिसमें उन्होंने 2021 में केदारनाथ से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने इसे अपना लक्ष्य मानते हुए लगातार उसी दिशा में काम किया है।
आगे भी विकास और जनकल्याण पर फोकस
कार्यक्रम के दौरान सरकार की चार साल की उपलब्धियों को गिनाने के साथ ही आने वाले समय के लिए नए संकल्प भी दोहराए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनकल्याण को सर्वोपरि रखते हुए राज्य को विकास की राह पर आगे बढ़ाती रहेगी।




