उत्तराखंड

देहरादून में अत्याधुनिक चैरिटेबल फिजियोथैरेपी सेंटर का शुभारंभ, सस्ती दरों पर मिलेगी इलाज की सुविधा

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुद्वारा नानक निवास, लिटन रोड, सुभाष रोड के तत्वाधान में अत्याधुनिक चैरिटेबल फिजियोथैरेपी सेंटर की स्थापना की गई। इस सेंटर का संचालन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, आढ़त बाज़ार की प्रबंधन समिति और इंडियन फिजियोथैरेपी देहरादून के सहयोग से किया जाएगा।

अरदास के बाद हुआ सेंटर का उद्घाटन

कार्यक्रम की शुरुआत गुरु महाराज के चरणों में अरदास के साथ हुई, जिसके बाद चैरिटेबल फिजियोथैरेपी सेंटर का विधिवत उद्घाटन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के महासचिव सरदार गुलज़ार सिंह द्वारा किया गया। इस मौके पर उपस्थित संगत ने सेवा कार्य की सराहना की।

अत्याधुनिक उपकरणों से लैस सेंटर, विशेषज्ञों की टीम तैयार

इस सेंटर में फिजियोथैरेपी से जुड़े सभी आवश्यक अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। डॉ. राजेंद्र यादव के नेतृत्व में प्रशिक्षित और अनुभवी चिकित्सकों की टीम यहां सेवाएं देगी। सेंटर का उद्देश्य आमजन को चैरिटेबल दरों पर बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

अधिक से अधिक लोगों तक सेवा पहुंचाने की अपील

उद्घाटन के दौरान सरदार गुलज़ार सिंह ने सभी संगतों से अपील की कि वे इस सेंटर की जानकारी अपने आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के मंत्री श्री खजान दास, पूर्व मेयर श्री सुनील उनियाल गामा, श्री अशोक वर्मा और दून इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन सरदार देवेंद्र सिंह मान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और सेंटर का निरीक्षण भी किया।

कार्यक्रम के अंत में जलपान का आयोजन

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सरदार चरणजीत सिंह, एडवोकेट देवेंद्र सिंह (लीगल एडवाइजर), सरदार सतनाम सिंह, सरदार मंजीत सिंह, निर्वेर फाउंडेशन के सदस्य, डॉ. राजेंद्र यादव, डॉ. पूजाश्री देव, डॉ. राजवंत, डॉ. जितेंद्र, डॉ. श्रेय, सरदार अवनींद्र सिंह, सरदार परनीत सिंह और सरदार अजीत सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button