सितारगंज में गुरुवार देर रात सिडकुल मार्ग पर मलपुरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस भीषण दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में तीन युवकों की मौत
जानकारी के अनुसार हादसे में सुल्तान (24) पुत्र शरीफ, नाजिम (16) पुत्र शराफत हुसैन और शादाब (26) पुत्र यामीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कैफ (15) पुत्र यामीन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह हादसा एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ, जिसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
एक अन्य युवक के सुरक्षित बचने की बात
सूत्रों के मुताबिक वाहन गुलफाम पुत्र यामीन चला रहा था, जो इस हादसे में सुरक्षित बच गया। घटना की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मौके का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार वाहन तथा चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।




