देहरादून में 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हर स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
पूरे रूट को 13 जोन में बांटकर जिम्मेदारी तय
जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक के पूरे मार्ग को 13 जोन में विभाजित किया है। सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि व्यवस्थाएं समयबद्ध और पूरी तरह त्रुटिहीन होनी चाहिए।
हजारों लोगों के जुटने की संभावना, हर बिंदु पर निगरानी
प्रशासन का अनुमान है कि प्रधानमंत्री के स्वागत में मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं। इसे देखते हुए पेयजल, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और कानून व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया है।
एक्सप्रेस-वे लोकार्पण के बाद देहरादून आगमन
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री पहले गणेशपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचकर कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। बैठक में नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गढ़ीकैंट में मुख्य कार्यक्रम, विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित
मुख्य कार्यक्रम गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड (जसवंत ग्राउंड) में आयोजित होगा। यहां आमजन के बैठने के लिए पंडाल, पार्किंग, पेयजल, हल्के जलपान और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भीड़ प्रबंधन और प्रवेश-निकास व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगा स्वागत
प्रधानमंत्री के स्वागत को खास बनाने के लिए रूट पर चिन्हित स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकार पारंपरिक वाद्य यंत्रों और प्रस्तुतियों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक झलक पेश करेंगे, जिससे कार्यक्रम को सांस्कृतिक रूप दिया जा सके।




