
मथुरा में दर्दनाक नाव हादसा: पैंटून पुल से टकराकर यमुना में पलटी नाव, लुधियाना के 30 श्रद्धालु डूबे; 10 की मौत, 5 अब भी लापता
उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां वृंदावन में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए रात भर राहत-बचाव अभियान जारी रहा।
तेज हवा में बिगड़ा संतुलन, पैंटून पुल से टकराई नाव
जानकारी के मुताबिक पंजाब के लुधियाना से 30 श्रद्धालुओं का एक दल वृंदावन घूमने आया था। सभी श्रद्धालु यमुना नदी में भ्रमण के लिए नाव पर सवार हुए। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को तेज हवा चल रही थी, जिसके चलते दोपहर करीब पौने तीन बजे नाव का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान नाव पैंटून पुल से टकरा गई और पलट गई, जिससे सभी श्रद्धालु नदी में गिर गए।
चीख-पुकार के बीच शुरू हुआ बचाव अभियान
नदी में गिरते ही श्रद्धालुओं ने मदद के लिए चीख-पुकार शुरू कर दी। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
10 की मौत, 15 सुरक्षित; 5 की तलाश जारी
गोताखोरों की मदद से अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। अभी भी 5 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
मृतकों में महिलाएं और पुरुष शामिल
इस हादसे में जान गंवाने वालों में 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान आशा रानी पत्नी अर्जुन मिड्डा निवासी भिवाड़ी हरियाणा, पिंकी पत्नी चरणजीत, कविता पत्नी विजय कुमार, मीनू, अंजू पत्नी राकेश गुलाटी, चरणजीत, रिकेश गुलाटी, मधुर बहल, इसान कटारिया और सपना निवासी जगरांव पंजाब के रूप में हुई है।
ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह नाव पर जरूरत से ज्यादा लोगों का सवार होना सामने आया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नाव ओवरलोड थी, जिससे संतुलन बिगड़ने पर हादसा हुआ। फिलहाल गोताखोर यमुना नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।
मौके पर पहुंचे अफसर, राहत कार्य तेज
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन ने राहत कार्य के लिए अतिरिक्त टीमें तैनात की हैं और अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। घायलों का इलाज निशुल्क कराने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा है।



