उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा अभियान, मिस्ड कॉल के जरिए 20 लाख मतदाताओं तक पहुंच बनाने की तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने चुनावी रणनीति को तेज करते हुए बड़ा दांव चला है। पार्टी ने आधी आबादी पर फोकस करते हुए ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ के तहत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू किया है। इसके जरिए महिला मतदाताओं के बीच पकड़ मजबूत करने और चुनावी माहौल बनाने की तैयारी की जा रही है।

मिस्ड कॉल से जुड़ेगा 20 लाख लोगों का डेटा बैंक
भाजपा 18 अप्रैल तक एक विशेष मोबाइल नंबर 9667173333 पर मिस्ड कॉल अभियान चलाएगी। इस अभियान के माध्यम से करीब 20 लाख नए मतदाताओं का डेटा बैंक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी की महिला मोर्चा कार्यकर्ता छात्राओं के सहयोग से लोगों से इस नंबर पर मिस्ड कॉल करवाएंगी, जिससे सीधे संपर्क स्थापित किया जा सके।

अभियान के जरिए पहुंचेंगी योजनाएं और फीडबैक
मिस्ड कॉल करने वाले लोगों के मोबाइल नंबर पर पार्टी अपनी योजनाओं, अभियानों और सरकार की उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी भेजेगी। साथ ही इन मतदाताओं से फीडबैक भी लिया जाएगा। इस रणनीति के जरिए भाजपा चुनाव से पहले अपनी जमीनी पकड़ को मजबूत करने में जुटी है।

नारी शक्ति वंदन अभियान पर चुनावी फोकस
पार्टी विधायी सदनों में महिलाओं को एक तिहाई प्रतिनिधित्व देने के संकल्प के साथ ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ को प्रमुख चुनावी मुद्दा बना रही है। 16 अप्रैल को लोकसभा और राज्यसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है, जिसे भाजपा बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर रही है।

हर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र में तय लक्ष्य
भाजपा ने अभियान के तहत हर लोकसभा क्षेत्र से 12,500 और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से करीब 2,500 लोगों से मिस्ड कॉल करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके जरिए पार्टी शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अपना आधार मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

महिला भागीदारी पर खास जोर, जमीनी नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश
पिछले वर्ष से ही पार्टी महिलाओं के वोट बैंक को मजबूत करने के लिए रणनीतिक स्तर पर काम कर रही है। जिला इकाइयों के गठन में भी एक तिहाई पद महिलाओं को देने का निर्णय लिया गया है। 11 से 18 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान में अधिकांश जिम्मेदारियां महिला कार्यकर्ताओं को सौंपी गई हैं।

दीवार हस्ताक्षर और श्रृंखला कार्यक्रम भी होंगे आयोजित
13 से 15 अप्रैल के बीच ‘नारी शक्ति दीवार’ कार्यक्रम के तहत सभी लोकसभा क्षेत्रों में महिलाओं और छात्राओं द्वारा श्रृंखला बनाई जाएगी। जिला मुख्यालयों और कमिश्नरी स्तर पर हजारों महिलाओं को एकत्रित कर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान भी मिस्ड कॉल अभियान को गति देने पर जोर रहेगा।


Related Articles

Back to top button