प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को अपने कार्यकाल में 28वीं बार देवभूमि उत्तराखंड पहुंचे, जहां उन्होंने बड़े विकास प्रोजेक्ट्स के साथ राजनीतिक और जनसंपर्क की नई तस्वीर भी पेश की। इस दौरे की खास बात यह रही कि पहली बार उन्होंने राजधानी देहरादून में 12 किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसने पूरे शहर को उत्साह और भीड़ से भर दिया।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे देश को समर्पित
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इस प्रोजेक्ट को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा और आसान व तेज हो जाएगी।
पहली बार देहरादून में रोड शो, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब
प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार राजधानी दून में करीब 12 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। उनके स्वागत में शहर की सड़कों पर स्कूली बच्चे, स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन किया गया।

एलिवेटेड रोड का निरीक्षण, व्यू प्वाइंट से लिया जायजा
रोड शो के दौरान पीएम मोदी ने एलिवेटेड रोड पर कार से उतरकर निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कॉरिडोर के व्यू प्वाइंट से पूरे प्रोजेक्ट का अवलोकन किया और निर्माण कार्य की सराहना की।
गढ़ी कैंट से किया शुभारंभ, जनसभा को किया संबोधित
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री ने गढ़ी कैंट स्थित मैदान से एक्सप्रेसवे का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए उत्तराखंड से अपने भावनात्मक जुड़ाव को भी व्यक्त किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शहर में रूट डायवर्जन
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे देहरादून में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शहर के कई हिस्सों में यातायात मार्गों को डायवर्ट किया गया और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहे।

एक झलक के लिए घंटों इंतजार, सभा स्थल पर उमड़ी भीड़
प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए लोग घंटों सड़कों पर खड़े रहे। वहीं जनसभा स्थल पर भी भारी भीड़ देखने को मिली, जो इस दौरे के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाती है।
धार्मिक स्थलों से जुड़ा गहरा लगाव
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से आध्यात्मिक जुड़ाव भी खास रहा है। वह अब तक पांच बार केदारनाथ धाम जा चुके हैं और यहां ध्यान गुफा में साधना भी कर चुके हैं। इसके अलावा वह बदरीनाथ और उत्तरकाशी के मुखबा क्षेत्र का भी दौरा कर चुके हैं। इस बार उन्होंने मां डाल काली मंदिर में दर्शन किए।




