उत्तराखंड

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन: सीएम धामी बोले—‘अब भारत रफ्ता-रफ्ता नहीं, रफ्तार से बढ़ रहा’

देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ देश को हाई स्पीड कनेक्टिविटी का बड़ा तोहफा मिला है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से अब दिल्ली से देहरादून की दूरी महज ढाई घंटे में तय की जा सकेगी, जिससे यात्रा तेज और सुगम हो जाएगी।

सीएम धामी ने जताया आभार, ग्रीन कॉरिडोर को बताया बड़ी सौगात
इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह ग्रीन कॉरिडोर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता की ओर से वह इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं।

‘भारत अब रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा’
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश अब धीमी गति से नहीं बल्कि तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन कई मायनों में खास है और यह परियोजना विकास की नई दिशा तय करेगी।

2014 से पहले और अब के हालात का किया जिक्र
धामी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश का माहौल अलग था, लोगों का उत्साह कम हो गया था और सेनाओं का मनोबल भी प्रभावित हुआ था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली और आज देश विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।

देवभूमि से पीएम का विशेष जुड़ाव
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का यह 28वां उत्तराखंड दौरा है और हर बार वे प्रदेश के लिए नई सौगात लेकर आते हैं। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए सौभाग्य बताया।

2027 के चुनाव को लेकर भी जताया भरोसा
सीएम धामी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि जैसे 2022 में जनता ने भरोसा जताया, उसी तरह 2027 में भी सरकार बनाने में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश को श्रेष्ठ बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।


Related Articles

Back to top button