उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ कर दिया है कि राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही भाजपा का चेहरा होंगे और उन्हीं के नेतृत्व में पार्टी चुनावी मैदान में उतरेगी।
दिल्ली में दिए एक साक्षात्कार के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों ही राज्यों में भाजपा मौजूदा नेतृत्व के साथ ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्रियों के नेतृत्व में दोनों राज्यों में उल्लेखनीय विकास हुआ है।
धामी और योगी पर पार्टी का भरोसा कायम
भाजपा अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही पार्टी के प्रमुख चेहरे होंगे। उनके मुताबिक, आने वाले चुनाव इन्हीं नेताओं के नेतृत्व में लड़े जाएंगे, जिससे किसी भी तरह की अटकलों पर अब विराम लग गया है।
धामी सरकार के कामकाज की खुलकर तारीफ
नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना करते हुए कहा कि चुनौतियों के बावजूद राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि हर राज्य की अपनी परिस्थितियां होती हैं, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि सरकार किस तरह से गुड गवर्नेंस के साथ काम करती है।
उन्होंने आगे कहा कि धामी सरकार ने आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में बेहतर काम किया है और भविष्य में इसके और अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे।
भाजपा नेतृत्व की मुहर से मजबूत हुई स्थिति
सियासी जानकारों के अनुसार, सीएम धामी ने अपनी कार्यशैली और फैसलों के जरिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का भरोसा मजबूत किया है। हाल ही में उत्तराखंड दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कई शीर्ष नेताओं ने धामी सरकार के कामकाज की सराहना की थी।
अब चुनावी रणनीति पर फोकस
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस स्पष्ट बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही अटकलों पर पूरी तरह विराम लग गया है। अब भाजपा का पूरा फोकस आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और विकास एजेंडे पर माना जा रहा है।



