उत्तराखंड

टिहरी सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत: पीएम मोदी और सीएम धामी ने घोषित की आर्थिक सहायता, पीड़ित परिवारों को कुल 7 लाख रुपये मुआवजा

देहरादून/टिहरी गढ़वाल में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

राज्य सरकार से भी अतिरिक्त राहत का ऐलान

राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से अतिरिक्त सहायता देने के निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि मृतकों के आश्रितों को 3-3 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस तरह कुल मिलाकर प्रत्येक मृतक के परिजनों को लगभग 7 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी।

सरकार पीड़ित परिवारों के साथ: सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस दुखद घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का त्वरित और समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

प्रशासन को लगातार संपर्क में रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने और उन्हें हर संभव तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Related Articles

Back to top button