उत्तराखंड

CM धामी ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के मेधावी छात्रों से की फोन पर बात, शानदार परिणाम पर दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना की

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से दूरभाष पर बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों को उनकी उपलब्धियों पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हाईस्कूल टॉपर्स से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी मेहनत और सफलता की सराहना की। इनमें एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर (नैनीताल) के अक्षत गोपाल, एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) के इशांत कोठारी, जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना (नैनीताल) की भूमिका तथा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा (बागेश्वर) के योगेश जोशी शामिल रहे।

इंटरमीडिएट टॉपर्स को भी दी शुभकामनाएं
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं और छात्रों से भी फोन पर संवाद किया। इसमें सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर की गीतिका पंत, भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी (उधमसिंह नगर) की सुशीला मेंदीरत्ता, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर (हरिद्वार) की वंशिका शामिल रहे।

मेहनत और अनुशासन को बताया सफलता की कुंजी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र इस प्रकार की उपलब्धियां हासिल कर पाते हैं।

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें और राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button