चुनाव नतीजे आते ही बंगाल में भड़की हिंसा, 400 से ज्यादा स्थानों पर टीएमसी दफ्तरों में तोड़फोड़, अब तक 4 की मौत, कई जिलों में तनाव चरम पर

चुनाव परिणाम घोषित होते ही पश्चिम बंगाल में हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा की घटनाओं ने माहौल को पूरी तरह तनावपूर्ण बना दिया है। अब तक अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 400 से ज्यादा स्थानों पर टीएमसी दफ्तरों में तोड़फोड़ की सूचना सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार 4 मई से अब तक कम से कम एक दर्जन से अधिक जगहों पर चुनाव से जुड़ी हिंसक घटनाएं दर्ज की गई हैं। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने 10 सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के गठन की घोषणा की है।
राज्यभर में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं तेज
आसनसोल के गोधुली इलाके में टीएमसी के एक दफ्तर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई, जबकि हावड़ा के दुमुरजाला क्षेत्र में स्थित एक अन्य पार्टी कार्यालय को भी निशाना बनाया गया। टॉलीगंज, कसबा, बरुईपुर, कमरहाटी, बारानगर, हावड़ा और बहरामपुर जैसे इलाकों से भी टीएमसी कार्यालयों में तोड़फोड़ की खबरें सामने आई हैं। इसके अलावा बीरभूम में टीएमसी समर्थकों और न्यूटाउन में बीजेपी समर्थकों से जुड़े इलाकों समेत अन्य स्थानों पर भी हिंसा और हत्या की घटनाओं की जानकारी मिली है।
राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या से बढ़ा तनाव
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में विजय जुलूस के दौरान कथित रूप से टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा पिटाई किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की मौत हो गई। वहीं बीरभूम के नानूर में कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। इन घटनाओं के बाद राजनीतिक तनाव और गहरा गया है।
संदेशखाली और आसनसोल में भी हिंसा के मामले
संदेशखाली के नजात पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत सरबेरिया-अगरहाटी ग्राम पंचायत के बामनघेरी इलाके में देर रात उस समय तनाव फैल गया जब केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान कथित रूप से कुछ बदमाशों ने उन पर गोलीबारी कर दी। वहीं आसनसोल के कोर्ट मोड़ इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक दफ्तर में आग लगने की घटना सामने आई है, जिसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस जांच कर रही है।
चुनाव परिणामों के बाद बदला राजनीतिक समीकरण
पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। बीजेपी ने इस चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की है और राज्य में पहली बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। वहीं टीएमसी केवल 80 सीटों पर सिमट गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी सीट भवानीपुर से भी हार गईं, जहां उन्हें 15114 वोटों से शिकस्त मिली। नौ मई को नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी की जा रही है, लेकिन उससे पहले राज्य में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।



