Kerala New CM: केरल का अगला मुख्यमंत्री कौन? कांग्रेस में तेज हुई हलचल, के.सी. वेणुगोपाल सबसे आगे

केरल विधानसभा चुनाव में जीत के बाद अब राज्य की राजनीति का सबसे बड़ा सवाल यही बन गया है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी चर्चाओं और शक्ति प्रदर्शन के बीच अब पार्टी सांसद और वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल का नाम सबसे मजबूत दावेदार के तौर पर उभरकर सामने आया है।
कांग्रेस विधायकों के साथ हुई ‘वन-टू-वन’ बैठकों के बाद पार्टी के भीतर समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस नेताओं से जुड़ी एक कथित समर्थन चिट्ठी की तस्वीर वायरल होने के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
47 विधायकों का समर्थन मिलने का दावा
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के 63 नवनिर्वाचित विधायकों में से 47 ने के.सी. वेणुगोपाल के पक्ष में समर्थन जताया है। इससे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में उनकी स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है।
वेणुगोपाल को समर्थन देने वालों में केपीसीसी अध्यक्ष सन्नी जोसेफ के अलावा संदीप जी. वारियर, सजीव जोसेफ, टी.ओ. मोहन और उषा विजयन जैसे कई बड़े नेता शामिल बताए जा रहे हैं।
चेन्निथला और सतीशन पीछे पड़े
पूर्व नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्निथला को केवल 8 विधायकों का समर्थन मिलने की बात सामने आई है। दिलचस्प बात यह रही कि उनके करीबी माने जाने वाले आई.सी. बालकृष्णन ने वेणुगोपाल और चेन्निथला दोनों के नाम का समर्थन कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी।
वहीं मौजूदा नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन, जिन्हें चुनाव के दौरान जनता के बीच काफी लोकप्रिय माना जा रहा था, उन्हें सिर्फ 6 विधायकों का समर्थन मिलने की खबर है। हालांकि तीन पूर्व केपीसीसी अध्यक्षों ने सतीशन के पक्ष में समर्थन जताया है।
दिल्ली में होगा अंतिम फैसला
मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम फैसला अब कांग्रेस हाईकमान के हाथ में है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री चुनने का अधिकार पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दिया गया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन और मुकुल वासनिक विधायकों की राय लेकर अपनी रिपोर्ट दिल्ली पहुंचा चुके हैं। अब पार्टी नेतृत्व अंतिम निर्णय पर विचार कर रहा है।
कब होगा शपथ ग्रहण?
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान शनिवार या रविवार तक नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान कर सकता है। इसके बाद दो दिनों के भीतर मुख्यमंत्री और नई कैबिनेट के अन्य सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा।



