
पटना। मातृ दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी दिवंगत मां को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में उन्होंने मातृत्व, त्याग, संस्कार और मां के आशीर्वाद की महत्ता को बेहद भावपूर्ण शब्दों में व्यक्त किया। मुख्यमंत्री का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी भावनाओं की सराहना कर रहे हैं।
दिवंगत मां पार्वती देवी को किया नमन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी मां पार्वती देवी को श्रद्धांजलि देते हुए एक तस्वीर भी साझा की। तस्वीर पर लिखा था, “मां ही पहली गुरु, पहली मित्र और ईश्वर का सबसे सुंदर स्वरूप है।”
इसके साथ उन्होंने लिखा कि मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से उनके स्वस्थ, सुखी और सम्मानित रहने की प्रार्थना की।
‘मां केवल रिश्ता नहीं, सबसे बड़ी शक्ति होती हैं’
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि मां सिर्फ एक रिश्ता नहीं, बल्कि त्याग, ममता और संस्कारों की सबसे बड़ी शक्ति होती हैं। उन्होंने कहा कि एक मां बिना किसी अपेक्षा के अपना पूरा जीवन अपने परिवार और बच्चों के लिए समर्पित कर देती है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और उनका आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देने वाली सबसे बड़ी ताकत है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
मुख्यमंत्री का यह भावुक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अपनी माताओं के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त किया। कई लोगों ने मुख्यमंत्री की भावनाओं को प्रेरणादायक बताया।
2022 में हुआ था पार्वती देवी का निधन
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी की माता पार्वती देवी का निधन वर्ष 2022 में हुआ था। वह राजनीतिक और सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाती रही थीं। वर्ष 1998 के उपचुनाव में उन्होंने समता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बनने का गौरव हासिल किया था।
राजनीतिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता और योगदान को आज भी याद किया जाता है।



