बिहारराज्य

बिहार में नए मंत्री और अफसरों के साथ प्रशासनिक रफ्तार तेज, सात निश्चय-3 की योजनाओं पर सरकार का फोकस बढ़ा

पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कई विभागों में नए मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती कर दी है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब विभागों में नई टीम के साथ कामकाज आगे बढ़ने लगा है। सरकार की प्राथमिकता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के तहत तय लक्ष्यों को तेजी से जमीन पर उतारने की है।

सोमवार को कई विभागों के मंत्रियों ने पदभार संभाला, जबकि विभिन्न महकमों में नए अधिकारियों की नियुक्ति के बाद प्रशासनिक मशीनरी को भी सक्रिय किया गया है। सरकार का मानना है कि नई जिम्मेदारियों के साथ विभागों में योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग में नई टीम के साथ कामकाज शुरू

स्वास्थ्य विभाग में नए मंत्री और नए सचिव की नियुक्ति के बाद विभागीय गतिविधियां तेज होने लगी हैं। स्वास्थ्य मंत्री के रूप में निशांत कुमार पहले ही शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर चुके थे। वहीं रविवार को कुमार रवि को स्वास्थ्य विभाग का सचिव नियुक्त किए जाने की अधिसूचना जारी की गई।

अब स्वास्थ्य विभाग की कमान नए मंत्री और नए सचिव के हाथों में होगी। सरकार की प्राथमिकता सात निश्चय-3 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। खासतौर पर राज्य के अस्पतालों को अपग्रेड करने और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा। विभाग को चिकित्सा ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में भी कई अहम योजनाओं को आगे बढ़ाना है।

ऊर्जा विभाग में भी नई जिम्मेदारियां

ऊर्जा विभाग में भी नई टीम के साथ काम शुरू हो गया है। विभाग के नए मंत्री ने शुक्रवार को ही कार्यभार संभाल लिया था, जबकि रविवार को अजय यादव को विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया। सचिव के पास बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के सीएमडी की जिम्मेदारी भी होगी।

सरकार सात निश्चय-3 के तहत ऊर्जा क्षेत्र में कई बड़े लक्ष्य तय कर चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी अब विभाग के नए नेतृत्व पर होगी। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी सरकार का विशेष फोकस रहेगा।

भवन निर्माण विभाग को भी मिली नई टीम

भवन निर्माण विभाग में भी नए मंत्री और सचिव की नियुक्ति की गई है। इस विभाग की जिम्मेदारी लेशी सिंह को सौंपी गई है। वहीं रविवार को प्रणव कुमार को विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया।

सरकार की ओर से विभाग को विभिन्न सरकारी भवनों और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि नई टीम के साथ विभागीय कामकाज में तेजी आएगी।

समाज कल्याण विभाग में सामाजिक सुरक्षा पर जोर

समाज कल्याण विभाग में भी नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू की गई है। श्वेता गुप्ता ने शुक्रवार को समाज कल्याण मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इसके बाद रविवार को एचआर श्रीनिवास को विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया।

विभाग की प्राथमिकताओं में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का समय पर भुगतान प्रमुख रहेगा। सरकार चाहती है कि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक बिना देरी पहुंचे।

सात निश्चय-3 को गति देने की तैयारी

बिहार सरकार अब सात निश्चय-3 के तहत विकास योजनाओं को तेज रफ्तार देने की तैयारी में है। नए मंत्रियों और अधिकारियों की नियुक्ति को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि स्वास्थ्य, ऊर्जा, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना जैसे प्रमुख क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभाव जल्द जमीन पर दिखाई दे।

Related Articles

Back to top button