अपराधझारखण्ड

30 साल पुरानी दुश्मनी में चला ‘तीरों का कहर’, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए युवक ने बरसाए 20 तीर; चाईबासा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

रांची: झारखंड के चाईबासा जिले में 30 साल पुरानी रंजिश का खौफनाक मामला सामने आया है। झींकपानी थाना क्षेत्र में एक युवक पर तीर-धनुष से जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी भगवान बिरुली उर्फ दोपे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए हमला किया था।

मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी को सोमवार देर शाम गिरफ्तार किया गया और उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल तीर-धनुष भी बरामद कर लिया गया है।

तीर लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

पुलिस के अनुसार 9 मई को झींकपानी थाना क्षेत्र के टंकी बांदा के पास बेतिया गांव निवासी चुइया बिरुली पर तीरों से हमला किया गया था। हमले में युवक को तीन तीर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसके शरीर से दो तीर निकाले, जबकि एक तीर घायल ने खुद निकाल लिया था। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हत्या की नीयत से किया हमला

घायल के बयान के आधार पर झींकपानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

प्रशिक्षु आईपीएस एवं झींकपानी थाना प्रभारी राजकुमार जेयराजू और एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चिड़िया पहाड़ी गांव निवासी आरोपी भगवान बिरुली उर्फ दोपे को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की नीयत से तीर-धनुष से हमला किया था।

1995 में हुई थी आरोपी के पिता की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भगवान बिरुली के पिता लागो बिरुली की वर्ष 1995 में हत्या कर दी गई थी। हाल ही में आरोपी को इस पुराने हत्या मामले की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वह बदला लेने की योजना बनाने लगा।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी को बताया गया था कि चुइया बिरुली और उसके कुछ साथियों का नाम उस हत्या मामले में सामने आया था। इसी रंजिश के चलते उसने मौका मिलते ही हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक साथ करीब 20 तीर चलाए थे, जिनमें से तीन सीधे चुइया बिरुली को लगे।

तीर-धनुष बरामद, आरोपी भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्रेसवार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छापामारी दल में प्रशिक्षु आईपीएस सह थाना प्रभारी राजकुमार जेयराजू, एसडीपीओ बहामन टूटी, पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन मिश्रा, दीपक कुमार मोहंती समेत झींकपानी थाना के अन्य जवान शामिल थे।

Related Articles

Back to top button