
धनबाद : झारखंड की कोयला राजधानी धनबाद में हत्या का ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने लोगों को दहला कर रख दिया है। अज्ञात बदमाशों ने पुरानी रंजिश में युवक की पहले दोनों आंखें फोड़ दीं। इसके बाद धारदार हथियार से हमला किया और पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी। यह वारदात ने शहर को हिलाकर रख दिया। धनसार थाना क्षेत्र के चांदमारी ग्राउंड के पीछे झाड़ियों में युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान जितेश रवानी के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना भारी पत्थर, बाइक और मोबाइल जब्त कर लिया है और जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में साफ है कि हत्यारों ने जितेश के सिर पर पत्थर से कई वार किए। शव की हालत, गंभीर चोटें और खून से लथपथ सीन देखकर पुलिस वाले भी सिहर उठे। आशंका है कि कत्ल कहीं और किया गया और शव बाद में झाड़ियों में फेक दिया गया। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, सबूत लैब भेजे जाएंगे।
जितेश की मौत 2017 की वारदात की याद दिला रही, जब हरिहरपुर थाने के पास चुनचुन राम (‘पिता’) की भी हत्या कर शव को गिरिडीह जिले के हरिहरपुर थाने के करीब जंगल मे फेंक दिया गया था। उस वक्त यह हत्या का यह मामला सुर्खियों मे आ गया था। यह मामला अभी भी CBI कोर्ट मे चल रहा है। धनसार पुलिस सभी कोणों पर नजर रख कर जांच कर रही है कि कहीं पिता के हत्यारों ने ही बेटे को मौत के घाट तो नहीं उतार दिया। घटनास्थल से मिली बाइक टुनटुन कुमार के नाम रजिस्टर्ड है, जबकि मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। धनसार थाना प्रभारी ने बताया, “ये क्लू हत्यारों तक पहुंचा सकते हैं। मृतक के परिवार, दोस्तों से पूछताछ चल रही है। जल्द खुलासा होगा।”
सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव देखा तो धनसार थाने पर खबर दी। पुलिस पहुंची तो इलाका जमा हो गया। गुस्से में लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे और अपराधियों की फौरी गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। शहर में सनसनी फैल गई है। पोस्टमार्टम के बाद लोगों ने शव को बीच सड़क पर रख कर घंटो प्रदर्शन किया। धनबाद पुलिस पुरानी रंजिश, ड्रग्स या लूट सभी एंगल्स की पड़ताल कर रही है। पुलिस का मानना है कि बहुत जल्द अपराधी सलाखों के पीछे होंगे। जब्त मोबाइल खूनी खेल की पोल खोल कर रख देगा।



